कोरबा (आईपी न्यूज)। प्रदेश के 9 नगर पालिक निगमों में महापौर बनाने के बाद कांग्रेस के मोस्ट टारगेट में अब कोरबा है। अब पूरा फोकस कोरबा में कर दिया गया है। इधर, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष मोहन मरकाम का गुरुवार की दोपहर 12 बजे कोरबा आगमन हो रहा है। उनके साथ रायपुर की पूर्व महापौर किरणमयी नायक भी आ रही हैं। वे महापौर चुनाव तक यहां डटे रहेंगे। बताया जा रहा है कि श्री मरकाम अपने साथ कांग्रेस के मेयर कैंडिडेट के नाम की पर्ची भी लेकर आ रहे हैं। कहा जा रहा है कि श्री मरकाम महापौर चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री का क्या संदेश है, यह भी बताएंगे। 10 जनवरी को महापौर चुनाव के नामांकन के पहले ही इसका खुलासा हो सकेगा कि पार्टी ने किस पर दांव लगाया है। राजकिशोर प्रसाद, श्याम संुदर सोनी, सुरेन्द्र प्रताप जायसवाल, संतोष राठौर और धरमलाल निर्मले का नाम महापौर प्रत्याशी के तौर पर लिया जा रहा है। इनमें धरम निर्मले को छोड़कर चार नाम राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल खेमे से वास्ता रखते हैं। श्री निर्मले विधानसभा अध्यक्ष डा. चरणदास महंत के करीबी हैं। सुनीता राठौर का नाम भी महापौर उम्मीदवार के दावेदारों में है। पार्टी के उच्च सूत्रों के अनुसार कांग्रेस किसी भी स्थिति में कोरबा में अपना महापौर बिठाना चाहती हैै। पार्टी यह संदेश देना चाहती है कि पूरे छत्तीसगढ़ राज्य की शहरी सत्ता पर कांग्रेस का बोलबाला है और भाजपा को इससे मुक्त कर दिया गया है। इस लिहाज से कोरबा के लिए ऐसे चेहरे को सामने लाया जाएगा, जिसके नाम पर क्रास वोटिंग की संभावना न हो। कांग्रेस को अपना महापौर बनाने के लिए 34 पार्षदों के वोट चाहिए होंगे। कांग्रेस 26 पार्षद उम्मीदवार जीतकर आए थे। पार्टी ने 3 निर्दलीय को अपने पाले में कर लिया है। सीपीएम ने कांग्रेस को समर्थन देने की घोषणा कर रखी है। सीपीएम के दो पार्षद हैं। इस लिहाज से कांग्रेस का आंकड़ा 31 पर पहुंचता है। भाजपा का आंकड़ा भी 31 पर है। ऐसे में निगम, कोरबा का चुनाव बड़ा ही दिलचस्प हो गया है। भाजपा से मेयर उम्मीदवार के रूप में रितु चैरसिया, नरेन्द्र देवांगन, भानुमति जायसवाल के नाम चर्चा में है।

  • Website Designing