कोरबा (आईपी न्यूज़)। कोटा, राजस्थान से छत्तीसगढ़ के छात्र-छात्राओं को लेकर बसों की रवानगी शुरू हो गई है। कोटा से कोरबा जिले के 141 छात्रों के परसों सुबह तक कोरबा पहुंचने की सम्भावना व्यक्त की जा रही है। इन सभी विद्यार्थियों को कोरबा पहुँचने के बाद चौदह दिन क्वारेंनटाइन में रखा जाएगा। जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों को क्वारेंटाइन करने छुरी के एकलव्य विविद्यालय में सभी व्यवस्थाएँ पूरी कर ली है। यहाँ विद्यार्थियों के पहुँचने पर उनका मेडिकल चेक अप किया जाएगा। क्वारेंटाइन अवधि में विध्यार्थी किसी अन्य व्यक्ति के सम्पर्क में नही आएँगे। सर्दी, खांसी, बुखार और साँस की तकलीफ़ वाले विध्यार्थियो की विशेष जाँच भी की जाएगी।
कलेक्टर श्रीमती किरण कौशल ने एकलव्य विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए आवश्यक व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त को दिए है। उन्होंने कहा कि बच्चों की व्यवस्था और देखरेख के लिए पर्याप्त कर्मचारी की व्यवस्था होनी चाहिए। बच्चों को सोशल डिस्टेंसिंग के बारे में बताया जाए। क्वारेंटाइन के दौरान क्या करना है और क्या नहीं इसकी भी जानकारी उन्हें दी जाए। कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य टीम द्वारा प्रतिदिन बच्चों का हेल्थ चेकअप किया जाएगा। बच्चों के लिए स्कूल के हॉस्टल में सेनेटाइजर की व्यवस्था भी होनी चाहिए।  उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस भी तैनात रहेगी।

  • Website Designing