कोरबा (आईपी न्यूज)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की नगर पालिका परिषद, दीपका में मामला फंस गया है। भाजपा ने सर्वाधिक 9 वार्डों में जीत हासिल कर बढ़त जरूर बनाई है, लेकिन बहुमत से 2 सीट पीछे है। अध्यक्ष पद के लिए 11 पार्षदों के समर्थन की आवश्यकता होगी। कांग्र्रेस के उम्मीदवार 6 वार्डों में विजयी हुए हैं। 5 वार्डों में निर्दलीय और एक पर बसपा को जीत मिली है। दीपका में अध्यक्ष किसका बनेगा यह दिलचस्प हो गया है। नगर पालिका परिषद दीपका 15 वर्षों से भाजपा के कब्जे में रही है। इधर, 5 में 4 निर्दलीय कांग्रेस समर्थक बताए जा रहे हैं।
तनवीर के पास है 11 के जादुई आंकड़े के ताले की चाबी?
वार्ड क्रमांक 8 से निर्दलीय मदन राजपूत पहले ही र्निविरोध विजयी घोषित हो चुके हैं। श्री राजपूत कांग्रेस से जुड़े हुए हैं। वार्ड क्रमांक 10 से निर्दलीय निशा बंजारे, वार्ड क्र. 15 से नील कुसुम खेस एवं वार्ड क्र. 16 से निर्दलीय अंजना जायसवाल को जीत मिली है। बताया जा रहा है तीनों उम्मीदवार कांग्रेस को समर्थन दे सकते हैं। दरअसल ये निर्दलीय उम्मीदवार के तौर चुनाव जीतने वाली तीनों महिलाएं क्षेत्र के कांग्रेस नेता तनवरी अहमद की समर्थक हैं। माना जा रहा है बहुमत के जादुई आंकड़े के ताले को खोलने की चाबी श्री अहमद के पास है। कांग्रेस को अध्यक्ष बनाने के लिए 5 पार्षदों की जरूरत होगी। कांग्रेस के पास जीते हुए 6 व र्निविरोध जीतने वाले एक पार्षद का पूर्ण समर्थन है। इस तरह से यह संख्या 7 पर पहुंचती है। तीन निर्दलीय महिला पार्षदों का समर्थन मिलता है तो आंकड़ा 10 पर आ जाएगा। कांग्रेस की नजर बसपा के एक मात्र पार्षद पर है। इस तरह से कांग्रेस अध्यक्ष बनाने के लिए कसरत करने में जुट गई है। क्षेत्रीय विधायक पुरूषोत्तम कंवर कवायद कर रहे हैं। अध्यक्ष का पद पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित है। इस पद पर कौन काबिज होगा अभी यह स्पष्ट नहीं है।
भाजपा को केवल दो पार्षदों का जुटना है समर्थन, पर आसान नहीं
दूसरी ओर भाजपा को केवल दो पार्षदों का समर्थन लेना होगा। वार्ड क्रमांक 14 से जीत प्राप्त करने वाली निर्दलीय पार्षद कुसुमलता कैवर्त को पहले भाजपा ने टिकट दिया था। बाद में उनके स्थान पर दूसरे को उम्मीदवार बना दिया गया। देखना यह होगा कि कुसुमलता भाजपा के खेमे में रहती हैं या कांग्रेस का साथ देती हैं। यदि पार्टी ऐसा करने में सफल होती है तो दीपका में वो चैथी पारी खेल सकती है।
किसी वार्ड में किसे मिली जीत, देखें सूची:
वार्ड              उम्मीदवार                      दल
वार्ड क्र. 1     संगीता साहू                 भाजपा
वार्ड क्र. 2     संतोषी दीवान             कांग्रेस
वार्ड क्र. 3     सुनील अग्रवाल          कांग्रेस
वार्ड क्र. 4     रामकुमार सिंह कंवर  कांग्रेस
वार्ड क्र. 5     राकेश सिंह               बसपा
वार्ड क्र. 6    रोहित जायसवाल      भाजपा
वार्ड क्र. 7     सुशील गुप्ता            भाजपा
वार्ड क्र. 8    मदन राजपूत            निर्दलीय
वार्ड क्र. 9    गया प्रसाद चन्द्रा       कांग्रेस
वार्ड क्र. 10   निशा बंजारे             निर्दलीय
वार्ड क्र. 11   आशा देवी               भाजपा
वार्ड क्र. 12   गंगोत्री राठौर           भाजपा
वार्ड क्र. 13  अरूणीष तिवारी      भाजपा
वार्ड क्र. 14  कुसुमलता कैवर्त      निर्दलीय
वार्ड क्र. 15   नील कुसुम खेस      निर्दलीय
वार्ड क्र. 16  अंजना जायसवाल     निर्दलीय
वार्ड क्र. 17   अनूप जायसवाल      भाजपा
वार्ड क्र. 18   हर्षित देवी              कांग्रेस
वार्ड क्र. 19   नाजिया बानो          कांग्रेस
वार्ड क्र. 20  विकास सोनी        भाजपा
वार्ड क्र. 21  दीपका गिलहरे       भाजपा

  • Website Designing