रायपुर (आईपी न्यूज)। नगरीय प्रशासन और श्रम मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया के निर्देश पर जम्मू में फंसे बलौदा बाजार जिले के ग्राम टुण्ड्रा और कोरबा जिले के श्रमिकों के लिए श्रम विभाग के अधिकारियों द्वारा संबंधित राज्यों के प्रशासनिक अधिकारियों से समन्वय कर श्रमिकों के लिए रहने व भोजन, राशन आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई है। सभी श्रमिक सुरक्षित है।
श्रम विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि संबंधित मजदूर बलौदाबाजार और कोरबा जिले के हैं, वे रोजी-रोटी के लिए जम्मू गए थे। लॉकडाउन से उत्पन्न परिस्थितियों के कारण छत्तीसगढ़ के श्रमिक जम्मू में फंसे हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि श्रमिकों को जहां रुके हुए है, वहीं रुकने की सलाह दी गई है। रुके हुए स्थान पर ही भोजन तथा राशन आदि की व्यवस्था करा दी गई है।
लॉकडाउन समाप्त होने अथवा शासन द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार राज्य शासन द्वारा हर संभव मदद का भरोसा दिया गया है। वहीं जम्मू में फंसे श्रमिको के लिए स्थानीय व संबंधित अधिकारी सहित श्रम विभाग के नियंत्रण कक्ष से समन्वय कर तात्कालिक व्यवस्था के रूप में राशन सामग्री की व्यवस्था करा दी गयी है, वर्तमान में किसी भी श्रमिक को राशन, भोजन व रहने की परेशानी नही है। उल्लेखनीय है कि श्रमिकों द्वारा व्हाट्सआप वीडियो जारी कर छत्तीसगढ़ सरकार से राशन-पानी की व्यवस्था करने अथवा गृह ग्राम पहुंचाने के लिए अपील की गई थी।

  • Website Designing