जांजगीर (IP News). सुरक्षा स्व-रक्षा भी है। सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की सुरक्षा ही, हमारी सुरक्षा है। अपने घरों में विद्युत उपकरणों का सही इस्तेमाल करें। विद्युत संयंत्र में परमिट के दौरान आइसोलेशन का खास ध्यान रखें। यह बातें मुख्य अभियंता आरके श्रीवास ने राष्ट्रीय विद्युत सुरक्षा सप्ताह के मौके पर कही। शुक्रवार को अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह (एबीवीटीपीएस) मड़वा में कोविड 19 के दिशा-निर्देशों व सोशल डिस्टेसिंग का पालन करते हुए राष्ट्रीय विद्युत सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्य अभियंता आरके श्रीवास, विशिष्टि अतिथि अतिरिक्त मुख्य अभियंता अरूण वर्मा, टीएल देवांगन, रजनीश जांगड़े, राजाबाबू कोसरे और मुख्य रसायनज्ञ आरके तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। मुख्य अभियंता द्वारा उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारियों को सुरक्षा शपथ दिलाई गई। अधीक्षण अभियंता (संरक्षा) आरएल ध्रुव ने स्वागत उद्बोधन में पूरे सप्ताह आयोजित होने वाले कार्यक्रम की रूपरेखा खींची।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण ने विद्युत दुर्घटनाओं के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए यह तय किया है कि जनजागरूकता के लिए पूरे सप्ताह भर का आयोजन रखा जाए। वर्ष 2020 में राष्ट्रीय विद्युत सुरक्षा सप्ताह का यह पहला आयोजन पूरे देश में किया जा रहा है। इस वर्ष का थीम है ‘विद्युत दुर्घटना से बचाव, राष्ट्रीय हानि से बचाव’। श्री ध्रुव ने बताया कि दुर्घटनाओं के दो कारण होते हैं पहला सतही कारण और दूसरा मूल कारण। दुर्घटना से बचाव के लिए दोनों ही बातों को समझना जरूरी है।

अतिरिक्त मुख्य अभियंता रजनीश जांगड़े ने कहा कि असुरक्षित कार्य व असुरक्षित वातावरण ही दुर्घटना के कारण बनते हैं। इसलिए हमें दोनों ही कारणों को शून्य करना होगा। अतिरिक्त मुख्य अभियंता अरूण वर्मा, टीएल देवांगन, राजाबाबू कोसरे और मुख्य रसायनज्ञ आरके तिवारी द्वारा अपने उद्बोधन में विद्युत संयंत्र में कार्य के दौरान परमिट व आइसोलेशन पर जोर दिया गया। विद्युत संयंत्र में शनिवार को सुबह 11 बजे विद्युत दुर्घटनाओं पर माॅकड्रील का आयोजन होगा। कार्यक्रम का संचालन सहायक अभियंता नरेंद्र देवांगन एवं आभार प्रदर्शन कार्यपालन अभियंता एसआर. विश्वकर्मा द्वारा किया गया।

  • Website Designing