रायपुर (आईपी न्यूज़)। गुरुवार को राजभवन दरबार हॉल में राज्य पुरस्कार प्रमाण पत्र वितरण एवं अलंकरण समारोह आयोजित हुआ। राज्यपाल अनुसुईया उइके ने छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से चयनित होकर आए स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स को राज्य पुरस्कार प्रदान किया। इसी तरह राज्य मुख्यालय द्वारा चयनित स्काउट मास्टर्स और गाइड कैप्टिंस को दीर्घकालिक सेवा पुरस्कार तथा मेडल ऑफ मेरिट प्रदान किया गया। राज्यपाल द्वारा चयनित जिला मुख्य आयुक्त, जिला शिक्षा अधिकारियों को थैंक्स बैज से अलंकृत किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल उइके ने कहा कि स्काउट्स, गाइड्स बच्चों और किशोरों को रचनात्मक दिशा देने, उनके बीच समाज सेवा बढ़ाने और उन्हें देश सेवा के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि इस संगठन से जुडे़ बच्चे मनोवैज्ञानिक रूप से अधिक सशक्त, अनुशासनप्रिय और सृजनात्मक व्यक्तित्व के स्वामी बनते हैं। राज्यपाल ने स्काउट आंदोलन के जनक लार्ड बेडेन पावेल को स्मरण किया। राज्यपाल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद हमेशा युवाओं और किशोरों के प्रेरणा स्रोत रहे हैं। उन्होंने कहा था अगर मुझे तेजस्वी, श्रद्धासंपन्न, दृढ़विश्वासी और निःस्वार्थ सेवा करने वाले कुछ युवा मिल जाएं तो मैं पूरी दुनिया को बदल कर रख सकता हूं। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स एक ऐसा संगठन है जिसकी शाखाएं पूरे देश में ‘विविधता में एकता की भावना’ तथा ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की भावना बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
राज्यपाल ने विश्वास जताते हुए कहा कि स्काउट्स, गाइड्स के रूप में जो कुछ भी सीखा, समझा और ग्रहण किया है, उन गुणों को आप अपनी जिन्दगी में भी उतारने का प्रयास करेंगे। ये गुण जीवन के हर मोड़ और कठिनाइयों में विश्वास, संबल और प्रेरणा भी देंगे।
राज्यपाल के सचिव सोनमणि बोरा ने कहा कि स्काउटिंग एक ऐसा कार्य है जिनसे हम जीवन भर जुड़े रह सकते हैं। इसकी मूल अवधारणा सेवा, समर्पण और अनुशासन है। यह कार्यक्रम नहीं आंदोलन है। उन्होंने आग्रह किया कि इस कार्य से सदैव जुड़े रहें। श्री बोरा ने स्काउट्स एवं गाइड्स में बाएं हाथ से हाथ मिलाने की परम्परा की सराहना की और कहा कि इसका अर्थ यह माना जाता है कि इससे सीधे दिल से रिश्ता बनता है और आत्मीयता बढ़ती है। समारोह को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त व विधायक विनोद चन्द्राकर और कार्यकारी अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने भी संबोधित किया। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य सचिव कैलाश सोनी ने समारोह का संचालन किया। यहां बताना होगा कि राजभवन में आयोजित समारोह ने वर्ष 2017, 2018, 2019 में सफल होने वाले स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स को राज्य पुरस्कार का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है। तीन वर्ष से यह आयोजन नहीं हो सका था।

 

 

 

 

  • Website Designing