कोरबा (आईपी न्यूज)। कुछ ही घण्टों बाद कोरबा शहर की जनता अपने नए महापौर से रुबरु हो जाएगी। 10.45 बजे नामांकन की कार्यवाही प्रारंभ होगी। इधर, कांग्रेस से मेयर उम्मीदवारी को लेकर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। पार्टी सूत्रों की मानें तो श्यामसुंदर सोनी महापौर चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। श्री सोनी वार्ड क्रमांक 12 से निर्वाचित हुए हैं। हालांकि महापौर उम्मीदवारी की दौड़ में राजकिशोर प्रसाद, सुरेन्द्र प्रताप जायसवाल, संतोष राठौर, धरम निर्मले भी हैं। भाजपा से रितु चैरसिया प्रत्याशी होंगी, यह लगभग तय है।
कांग्रेस को बसपा पार्षद का मिला समर्थन
इधर, गुरुवार की रातभर जोड़ तोड़ का खेल चलता रहा। कांग्रेस ने अपना कुनबा बढ़ा लिया है। देर रात को वार्ड क्रमांक 30 से बसपा पार्षद फूलचंद सोनवानी ने कांग्रेस को समर्थन दे दिया और इस आशय का लिखित पत्र भी जारी कर दिया। इस समर्थन के साथ कांग्रेस का आंकड़ा 32 पर पहुंच गया है। बताया जा रहा है के वार्ड क्रमांक 15 से छजकां के पार्षद धनसाय साहू भी कांग्रेस को समर्थन देने के लिए लिए राजी हैं। इसे जोड़ा जाए तो कांग्रेस 33 पर पहुंचती है। इस गणित के लिहाज से महापौर बनाने के लिए एक और पार्षद के समर्थन की आवश्यकता होगी। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस ने इसे जुगाड़ा कर लिया है। छजकां के एक और पार्षद की भूमिका अभी साफ नहीं हुई।
भाजपा का दावा दो निर्दलीय उसके साथ
भाजपा के पास 31 पार्षद हैं। पार्टी सूत्रोें की मानें तो उसे दो निर्दलीय का समर्थन मिल रहा है। इस तरह भाजपा की संख्या 33 पर पहुंचती है। भाजपा को भी महापौर बनाने के लिए एक पार्षद के सपोर्ट की जरूरत है। पार्टी का दावा है कि उनका महापौर बनेगा। बहरहाल कुछ ही घण्टों में तस्वीर साफ हो जाएगी। राजनीति में कभी भी कुछ भी हो सकता है।

  • Website Designing