कोरबा (IP News). कमर्शियल माइनिंग की नीलामी सूची से बांडेर कोल ब्लॉक को हटा दिया गया है। 21 जुलाई को इस आशय का नोटिस भी जारी कर दिया गया है। यह कोल ब्लॉक महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में स्थित है। बांडेर कोल् ब्लॉक इको सेंसेटिव जोन में स्थित है तथा ताडोबा- अंधारी टाइगर रिज़र्व एरिया से लगा हुआ है। कोयला मंत्री प्रल्हाद जोशी ने पहले ही इस कोल ब्लॉक को विथड्रॉल करने की बात कही थी। अब आधिकारिक रूप से इसे नीलामी की प्रक्रिया से हटा दिया गया है।

इधर, छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्थित चार कोल ब्लॉक मदनपुर नार्थ, मोरगा- 2, मोरगा साउथ, श्यांग को भी नीलामी सूची से हटाने की बात कोयला मंत्री ने कही थी, लेकिन अब तक इसको लेकर कोई आधिकारिक फैसला नहीं लिया गया है। कमर्शियल माइनिंग के तहत नीलामी की प्रक्रिया में ये चारों ब्लॉक शामिल हैं।

छत्तीसगढ़ राज्य के वन मंत्री मोहम्मद अकबर ने चारों कोल ब्लॉक को लेकर आपत्ति दर्ज कराई थी। श्री अकबर ने 20 जून को केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु मंत्री प्रकाश जावेड़कर को पत्र लिखकर हसदेव अरण्य एवं इससे सटे मांड नदी के जल ग्रहण क्षेत्र तथा प्रस्तावित लेमरू हाथी रिजर्व की सीमा में आने वाले कोल ब्लाॅक नीलामी में शामिल नहीं करने अनुरोध किया था। इसके बाद कोयला मंत्री श्री जोशी ने इस पर विचार करने की बात कही थी।  इसके बाद 01 जुलाई को श्री अकबर ने केंद्रीय मंत्री श्री जावड़ेकर को इस विषय को लेकर पुनः पत्र लिखा था।

यहां बताना होगा कि छत्तीसगढ़ के इन कोल ब्लॉक्स को लेकर लंबे समय से विरोध हो रहा था। हाल ही में कोरबा व सरगुजा जिले की नौ ग्राम पंचायतों ने प्रधानमंत्री को पत्र भी लिखा था। इन चार कोल ब्लाॅक में पर्यावरणीय व ग्राम सभाओं की मंजूरी, पेसा एक्ट जैसे गंभीर इश्यू भी थे। कमर्शियल माइनिंग के लिए नीलामी की सूची में शामिल 41 में 9 कोल ब्लाॅक छत्तीसगढ़ राज्य में स्थित हैं।

चारों कोल ब्लॉक का विवरण :

मदनपुर नार्थ :
कुल एरिया : 21.03 sq. km
कोल् रिज़र्व : 185.38 मिलियन टन

मोरगा – 2 :
कुल एरिया : 26.69 sq. km
कोल् रिज़र्व : 350.7 मिलियन टन

मोरगा साउथ :
कुल एरिया : 21.92 sq. km
कोल् रिज़र्व : 433.00 मिलियन टन

श्यांग :
कुल एरिया : 12.51 sq. km
कोल् रिज़र्व : 159.00 मिलियन टन

छत्तीसगढ़ के अन्य ब्लॉक
फतेहपुर ईस्ट, गारे पालम 4/1, गारे पालम 4/7, शंकरभटगांव 2 एक्सटेंशन, सोंधिया।

  • Website Designing