कोरबा (आईपी न्यूज)। कोरबा जिले के पांचो नगरीय निकाय में चुनाव प्रचार पूरे शबाब पर है। मुख्य मुकाबला कांग्रेस बनाम भाजपा है। हालांकि कई वार्डों में अन्य दलों व निर्दलीयों का भी जोर देखने को मिल रहा है। इधर, कांग्रेस की कमान प्रदेश राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने संभाल रखी है। श्री अग्रवाल को निकाय चुनाव के लिए कोरबा के साथ ही कोरिया और जांजगीर चांपा जिले का दायित्व सौंपा गया है। कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत भी संसद के शीतकालीन सत्र से फ्री होकर चुनावी मैदान पर उतर गईं हैं। कोरिया जिले के बाद सोमवार को उन्होंने नगर पालिक निगम क्षेत्र के वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में मतदाताओं से वोट देने की अपील की। कांग्रेस के इन दो बड़े नेताओं के अलावा जिला संगठन प्रचार में उतरा हुआ है। दूसरी तरफ भाजपा की ओर से अब तक कोई बड़ा नेता जिले में चुनावी प्रचार के लिए नहीं पहुंचा था, लेकिन अब पार्टी ने राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सदस्य सरोज पांडेय को मैदान पर उतारा है। सरोज पांडेय 18 दिसम्बर को कोरबा आएंगी। पुराना बस स्टैण्ड, दर्री आदि वार्ड में उनकी सभाएं होंगी। कोरबा के बाद वे नगर पालिका परिषद, दीपका पहंुच कर भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करेंगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह के आने की भी चर्चा थी। दोनों ही दलों के जिला पदाधिकारियों ने इससे इनकार किया है। पूर्व संसदीय सचिव लखनलाल देवांगन, पूर्व महापौर जोगेश लांबा जैसे नेता पार्टी केे उम्मीदवारों को जीत दिलाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। भाजपा के दिग्गज नेता व विधायक ननकीराम कंवर की सक्रियता बहुत ज्यादा दिखाई नहीं पड़ रही है।

  • Website Designing