कोरबा (आईपी न्यूज)। शुक्रवार को कोरबा मे महापौर चुनाव में जीत हासिल करते ही छत्तीसगढ़ राज्य में कांग्रेस ने 10 नगर पालिक निगम पर काबिज होकर इतिहास रच दिया है। शहरी सत्ता से भाजपा का सुपड़ा साफ हो गया है। नगर पालिक निगम, कोरबा के चुनाव पर जिले के साथ ही पूरे प्रदेश के लोगों की निगाहें टिकी हुई थीं। दरअसल कोरबा पेंच फंसा हुआ था। यहां 31 पार्षदों के साथ भाजपा बहुमत के करीब थी, लेकिन कांग्रेस ने पहले अपना आंकड़ा 26 से 3 निर्दलीय पार्षदों को अपने पाले में कर 29 किया। चुनाव के कुछ दिन पहले माकपा ने अपने दो पार्षदों का समर्थन कांग्रेस को दे दिया। गुरुवार की रात को बसपा के एकमात्र पार्षद ने कांग्रेस को समर्थन देने का ऐलान किया। चुनाव के दिन सुबह छजकां ने अपने दो पार्षदों के समर्थन की लिखित सूचना दी। इस तरह कांग्रेस का आंकड़ा 34 पर पहुंचा गया। कांग्रेस प्रत्याशी राजकिशोर प्रसाद को 34 वोट मिले, जबकि भाजपा उम्मीदवार रितु चैरसिया को 33 मत पड़े। माना जा रहा भाजपा उम्मीदवार को दो निर्दलीय उम्मीदवारों के वोट मिले, जिससे उसका आंकड़ा 33 पर पहुंच गया। एक वोट से ही सही कांग्रेस ने मेयर चुनाव जीत कर भाजपा को चारों खाने चित कर दिया। भाजपा बहुमत के करीब होकर भी कांग्रेस के सामने रणनीति में फेल हो गई। कांग्रेस नगर पालिक निगम राजनांदगांव, जगदलपुर, दुर्ग, धमतरी, रायपुर, रायगढ़, बिलासपुर, चिरमिरी, अम्बिकापरु, कोरबा में काबिज हो गई।

  • Website Designing