नई दिल्ली, 24 जून। रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन  (DRDO) और भारतीय नौसेना ने कम दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली वर्टिकल लॉन्च मिसाइल का आज सफल परीक्षण किया। यह उड़ान परीक्षण ओडिशा तट स्थित चांदीपुर समेकित परीक्षण रेंज से किया गया।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने डीआरडीओ, भारतीय नौसेना और संबंधित उद्योग को सफल उड़ान परीक्षण के लिए बधाई दी। श्री सिंह ने कहा कि इस प्रणाली के रूप में एक ऐसे हथियार को शामिल किया गया है, जो हवाई खतरों के खिलाफ भारतीय नौसेना के जहाजों की रक्षा क्षमता को और बढ़ाएगा।

नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने मिसाइल के सफल उड़ान परीक्षण के लिए भारतीय नौसेना और डीआरडीओ की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस स्वदेशी मिसाइल प्रणाली के विकास से भारतीय नौसेना की रक्षात्मक क्षमताओं को और मजबूती मिलेगी।

डीआरडीओ के अध्यक्ष डॉ. जी सतीश रेड्डी ने इस सफल उड़ान परीक्षण में शामिल टीमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस परीक्षण ने भारतीय नौसेना के पोतों पर स्वदेशी हथियार प्रणाली के एकीकरण को साबित कर दिया है।

सोशल मीडिया पर अपडेट्स के लिए Facebook (https://www.facebook.com/industrialpunch) एवं Twitter (https://twitter.com/IndustrialPunchपर Follow करें …

  • Website Designing