जमशेदपुर। टाटा स्टील में कामगारों के सालाना बोनस पर मुहर लगा दी गई। टाटा स्टील प्रबंधन और कर्मचारी यूनियन के बीच बोनस समझौता हो गया है। इस बार कर्मचारियों को 17.89 प्रतिशत बोनस मिलेगा। कंपनी द्वारा कर्मचारियों के लिए बोनस मद में 303.13 करोड़ रुपए का प्रावधान किया जा रहा है।

बोनस की अधिकतम राशि कंपनी के पुराने सीरीज के कर्मचारियों को 4 लाख 9 हजार 462 रुपए मिलेगी, जबकि न्यू सीरीज के कर्मचारियों को 1 लाख 13 हजार 515 रुपए और न्यूनतम बोनस एनएस सीरीज को 38203 रुपये मिलेंगे।

सभी ग्रेड के कर्मचारियों को अलग-अलग राशि दी जाएगी। बोनस की राशि 13 सितंबर को कर्मचारियों के बैंक एकाउंट में भेज दी जाएगी।

पहले से तय फार्मूले के तहत कर्मचारियों को कंपनी को हुए 11275.09 करोड़ रुपए शुद्ध लाभ के मद में 169.13 करोड़ रुपए, प्रोफिटेबिलिटी पर 49.0 करोड़, प्रोडक्टिविटी पर 80 करोड़ और एलटीआइएफआर पर 5.0 करोड़ रुपए मिलेंगे। देश भर में कार्यरत टाटा स्टील के 27,454 कर्मचारियों में बोनस की यह राशि बंटेगी।

  • Website Designing