कोरबा (आईपी न्यूज)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा में 18 घण्टे के भीतर कोरोना पाॅजिटिव के 8 केस मिलने से हड़कंप मचा हुआ है। एक व्यक्ति को बुधवार की देर रात ही एम्स, रायपुर भेज दिया गया था। गुरुवार को दोपहर बाद 7 और पाॅजिटिव मिले लोगों को भी एम्स के लिए रवाना कर दिया गया। इन 7 में 5 पुरुष व 2 महिलाएं हैं। इधर, बताया गया है 7 में तीन लोग एक ही परिवार से हैं। दोनों महिलाएं बहनें हैं। एक की उम्र 35 व दूसरे की 22 साल बताई गई है। इनका संबंध भी राजनीतिक परिवार से है। चार अन्य व्यक्ति अलग- अलग परिवार से हैं। इनमें एक राज्य के विपक्षी दल के वरिष्ठ नेता हैं, जिनकी उम्र 73 साल बताई गई है। जानकारी के अनुसार 8 लोगों के संक्रमित मिलने के बाद 91 लोगों के स्वाब सेंपल जांच के लिए एम्स भेजे गए हैं। इसके पूर्व लिए गए 60 सेंपल में से 8 की रिपोर्ट पाॅजिटिव आ चुकी है। बताया गया है कि 52 सेंपल की रिपोर्ट अभी नहीं आई है। यानी 143 लोगों की जांच रिपोर्ट प्रतीक्षरत है।

  • Website Designing