कोरबा (आईपी न्यूज़) ‘‘महिलाओं के योगदान से भारत उत्तरोत्तर प्रगति करेगा। विविधता को प्रोत्साहित करना वेदांता समूह और बालको में सिर्फ प्रक्रिया नहीं बल्कि प्राथमिकता और संकल्प है। हम सभी के लिए बड़ी चुनौती है कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में हम जो सोचते हैं उसे धरातल पर साकार कर दिखाएं।’’ विश्व महिला दिवस के अवसर पर बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक अभिजीत पति ने ये उद्गार बालको में कार्यरत महिला अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेका कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुए व्यक्त किए। समारोह बालको की एल्यूमिना कैंटीन में आयोजित हुआ।
श्री पति ने कहा कि नारी ईश्वर की अद्वितीय रचना है। उसके बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। ठीक ऐसे ही किसी संगठन में निरंतर प्रगति महिलाओं के योगदान के बिना संभव नहीं है। कौशल और क्षमता के स्तर पर महिलाओं और पुरुषों में कोई गैर बराबरी नहीं है। वेदांता समूह और बालको अपने प्रचालन में विविधता को बढ़ाने के लिए दृढ़संकल्प हैं। महिलाएं संकल्प लें और प्रत्येक चुनौती को आगे बढ़कर अवसरों में बदल दें।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि बालको के निदेशक (धातु) श्री दीपक प्रसाद ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने की शुरूआत घर से करें। उन्होंने अनेक वैज्ञानिक अध्ययनों का उदाहरण देते हुए बताया कि महिलाओं में विश्लेषण क्षमता तुलनात्मक रूप से अधिक होती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए आगे बढ़ने के अधिक अवसर निर्मित करने की आवश्यकता है। बालको के निदेशक (ऊर्जा) जी. वेंकटरेड्डी ने कहा कि जहां नारियां होती हैं वहां देवताओं का वास होता है। नारी इस सृष्टि की सर्जक हैं। वे आगे बढ़ने के प्रत्येक अवसर का लाभ उठाएं। बालको के मानव संसाधन प्रमुख (चीफ पीपल ऑफिसर)  देवब्रत मिश्रा ने कहा कि नारी एक से अधिक परिवारों को संस्कारित करती है। उन्होंने कहा कि हमें विविधतापूर्ण कार्यसंस्कृति को मजबूत करते हुए महिला कार्यबल को 30 फीसदी से अधिक ले जाना है।
बालको की लीड कॉरपोरेट अफेयर्स सुश्री प्रियंका तिवारी ने महिला सशक्तिकरण पर आधारित कविता का पाठ किया। श्रीमती प्राची पॉल ने गीत सुनाकर और सुश्री द्युति मंडल व सुश्री अनन्या रॉय ने नृत्य की प्रस्तुति से सभी की खूब वाहवाही बटोरी। बालको वूमन काउंसिल की सचिव श्रीमती शुचिता शुभदीप खान ने काउंसिल की सदस्याओं से सभी को परिचित कराया। श्री पति एवं बालको अधिकारियों की उपस्थिति में महिलाओं ने केक काटा। कार्यक्रम में बालको के औद्योगिक स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं पर्यावरण महाप्रबंधक कृष्णा व्ही. कुलकर्णी, 1740 मेगावॉट विद्युत संयंत्र प्रमुख आशुतोष द्विवेदी, औद्योगिक स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं पर्यावरण सह महाप्रबंधक  अजय शर्मा और मानव संसाधन सह महाप्रबंधक  श्रीधर कलावाला मौजूद थे।बालको वूमन काउंसिल की सदस्य श्रीमती निमिषा सिंह ने कार्यक्रम का संचालन किया।श्रीमती शुचिता शुभदीप खान ने आभार जताया।

  • Website Designing